गंगा दशहरा पर दस हजार ग्रामों में निकलेगी “जल गंगा कलश यात्राएँ”
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में बनी अभियान की रूपरेखा
गुना
राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान, वैशाली नगर भोपाल में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (CMCLDP) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दो दिवसीय राज्य स्तरीय “सी.एम. सोशल इंटर्न प्रशिक्षण कार्यशाला” का समापन हुआ।
कार्यशाला के समापन सत्र में परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें समाज उत्थान के कार्यों के लिए प्रशिक्षित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर आगामी 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर मध्यप्रदेश की लगभग 10 हजार पंचायतों में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत “जल गंगा कलश यात्राएँ” आयोजित की जाएंगी। इस दौरान ग्रामों की प्राचीन जल संरचनाओं जैसे बावड़ी, कुएं, सरोवर एवं तालाबों की साफ-सफाई कर उनका पूजन किया जाएगा तथा वहां से कलश यात्राएँ निकाली जाएंगी।
श्री नागर ने कहा कि इस अभियान में परिषद की नवांकुर सखियों के नेटवर्क के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन सहभागिता करेंगे। उन्होंने प्रदेशभर से आए युवाओं से जल संरक्षण एवं संवर्धन के इस जन अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
