कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आरोन के नवीन एसडीएम कार्यालय का किया शुभारंभ
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज आरोन में नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई, जिसके उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीटिंग रूम, सिटिजन सर्विस सेंटर, अनुविभागीय अधिकारी कक्ष सहित अन्य विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शुभारंभ अवसर पर कार्यालय में उपस्थित आवेदकों को मिठाई वितरित की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसडीएम आरोन सुश्री महिमा चौधरी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
