पीएमएसएमए के 10 वर्ष पूर्ण होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याना में विशेष शिविर आयोजित
गुना
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याना में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के निर्देशन तथा सीबीएमओ डॉ. शिल्पा तांतिया के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति शर्मा द्वारा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक प्रयोगशाला जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस विशेष शिविर में लगभग 80 से 90 गर्भवती महिलाओं को लाभ प्राप्त हुआ। जांच के दौरान 19 से 21 गर्भवती महिलाएं हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चिन्हित की गईं, जिन्हें विशेष निगरानी, परामर्श एवं आवश्यक उपचार हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
