दुर्गेश सक्सेना ने अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशल परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया गुना का मान
गुना
संभागीय खेल और युवक कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर ने बताया कि विभाग में पदस्थ एन.आई.एस. बास्केटबॉल प्रशिक्षक दुर्गेश सक्सेना ने फरवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल महासंघ द्वारा आयोजित टेबल ऑफिशियल परीक्षा उत्तीर्ण कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में अधिकारिक भूमिका निभाने के लिए अधिकृत हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि वह गुना जिले के पहले एन.आई.एस. करने वाले खिलाड़ी भी है और अब वह पहले अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल के टेबल ऑफिशियल बने हैं।
श्री सक्सेना 2002 से अनेकों राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी, रेफरी एवं निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं, इसी के साथ वह बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया BFI, स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ़ इंडिया SGFI, स्पेशल ओलंपिक भारत SOB तथा व्हीलचेयर फेडरेशन ऑफ़ इंडिया WBFI, खेलो इंडिया आदि टीमों के राष्ट्रीय कोच, रैफरी एवं निर्णायक रह चुके हैं।
श्री सक्सेना द्वारा विभागीय संजय स्टेडियम बास्केटबॉल मैदान पर वर्ष 2006 से नियमित रूप से बास्केटबॉल खेल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनके द्वारा कई बालक, बालिकाएं राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता भी रहे हैं ।
श्री सक्सेना की इस सफलता के लिए मध्य प्रदेश बास्केटबॉल संघ के समस्त पदाधिकारी सहित महासचिव श्री अविनाश आनंद एवं अध्यक्ष श्री कुलविंदर सिंह गिल तथा गुना जिले के खेल प्रेमियों और खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी।
