Type Here to Get Search Results !

एक माह में एनडीपीएस एक्ट के 27 प्रकरण दर्ज, 41 आरोपियों पर कसा सख्त शिकंजा

 *नशे के विरुद्ध गुना पुलिस का निर्णायक अभियान*


एक माह में एनडीपीएस एक्ट के 27 प्रकरण दर्ज, 41 आरोपियों पर कसा सख्त शिकंजा


*करीब 74 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जप्त, तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार*



               पुलिस मुख्यालय भोपाल, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार दिनांक 01 मई से 31 मई 2026 तक प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया । अभियान के तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, क्रय-विक्रय एवं अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार ताबड़तोड़ और प्रभावी कार्यवाहियां करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की गई है ।


               अभियान के दौरान गुना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन कार्यवाही करते हुए एनडीपीएस एक्ट के कुल 27 प्रकरण दर्ज किए तथा 41 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही कर   भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जप्त किए । अभियान के दौरान कुल 52 लाख 46 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ तथा 21 लाख 35 हजार रुपये मूल्य के वाहन जप्त किए गए हैं । इस प्रकार अवैध मादक पदार्थों के प्रकरणों में कुल 73 लाख 81 हजार रुपये मूल्य का मशरूका पुलिस द्वारा बरामद किया गया ।


               विशेष अभियान के अंतर्गत स्मैक तस्करी के विरुद्ध की गई कार्यवाहियों में स्मैके के कुल 05 प्रकरण दर्ज कर 07 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई, इनमें कुल 199.92 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 45 हजार रुपये है तथा स्मैक तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें कीमती 02 लाख रुपये की भी जप्त की गई । इस प्रकार स्मैक के विरुद्ध कार्यवाही में कुल 22 लाख 45 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद हुआ ।


               इसी प्रकार गांजा तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध की गई कार्यवाहियों में गांजे के कुल 21 प्रकरण दर्ज कर 32 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई, इनमें लगभग 22 लाख 01 हजार रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया । साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 14 मोटरसाइकिलें एवं 01 कार कुल कीमती 18.35 लाख रुपये की भी जप्त की गई । इस श्रेणी में कुल 40 लाख 36 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद हुआ ।


               इसके अतिरिक्त अफीम तस्करी के एक प्रकरण में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.010 किलोग्राम अफीम कीमती 10 लाख रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल कीमती 01 लाख रुपये जप्त की गई । इस कार्यवाही में कुल 11 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया ।


               इस प्रकार एक माह तक चले विशेष अभियान के दौरान गुना पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 27 प्रकरणों में 41 आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कर लगभग 74 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ एवं वाहन जप्त किए गए । यह उपलब्धि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में गुना पुलिस की प्रतिबद्धता और सतत प्रयासों का परिणाम है ।


               गुना पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन को बढ़ावा देने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी । गुना पुलिस की आमजन से भी अपील है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त कर सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सके ।


 *गुना पुलिस का संकल्प – "नशा मुक्त समाज, सुरक्षित भविष्य"*

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.