Type Here to Get Search Results !

जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिली एक लाख रुपये की सहायता राशि

 जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिली एक लाख रुपये की सहायता राशि


कलेक्टर ने छह हितग्राहियों को सौंपे सहायता राशि के चेक, दिव्यांगजनों को दिए सहायक उपकरण


305 आवेदनों पर सुनवाई, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य जांच और कानूनी सहायता का भी मिला लाभ


गुना 

जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को आमजन के लिए राहत और सहायता का माध्यम बनकर सामने आई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान गंभीर बीमारी, दुर्घटना एवं आर्थिक संकट से प्रभावित छह जरूरतमंद व्यक्तियों को कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कैंसर से पीड़ित पूजा बाई, दिव्यांगता एवं आर्थिक अभाव से जूझ रहे आदर्श कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र कुमार शर्मा, आंधी-तूफान से घर क्षतिग्रस्त होने पर सहायता मांगने वाले बुदेल सिंह बाजरे, पत्नी के उपचार के लिए सहायता चाहने वाले राजेश अहिरवार तथा उपचार सहयोग के लिए पहुंचे कमलेश बुनकर को दस-दस हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल ग्राम भादौर निवासी भूरा सिंह को उपचार के लिए पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

जनसुनवाई में दिव्यांगजनों की समस्याओं का भी प्राथमिकता से निराकरण किया गया। आदर्श कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र कुमार शर्मा को ट्रायसाइकिल, पिपरोदाखुर्द निवासी श्रीमती विमला जाटव को बैसाखी तथा ग्राम भदौरा निवासी भूरा सिंह को व्हीलचेयर प्रदान की गई। इन उपकरणों से उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।


एक ही स्थान पर मिली कई सुविधाएं

जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईवी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही आधार कार्ड एवं निःशुल्क कानूनी सहायता जैसी सेवाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्राप्त किया।

जनसुनवाई में कुल 305 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.