जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने सुनी आमजन की समस्याएं
*समस्याओं/शिकायतों के त्वरित एवं निश्चित समयावधि में निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश*
आज दिनांक 09 जून 2026 मंगलवार को गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न अंचलों से आए आवेदकों द्वारा अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी, एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चाचौडा श्री मनोज कुमार झा, डीएसपी श्री आनंद राय, टीआई म्याना बृजमोहन सिंह भदौरिया, टीआई आरोन रविन्द्र सिंह सिकरवार, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फिरदौस तबस्सुम, कैंट थाने से उपनिरीक्षक राहुल शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा उनकी समस्याओं/शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं निश्चित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए ।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ विधिवत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ।
