आमजन की सुरक्षा को नई रफ्तार : गुना पुलिस की आधुनिक चीता मोबाइल यूनिट्स सड़कों पर
*पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की 08 हाईटेक चीता मोबाइल, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स होगा और अधिक प्रभावी*
*पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नवीन बोलेरो वाहन एवं ट्रेवलर बस पुलिस बेड़े में शामिल, बढ़ी कानून व्यवस्था की मजबूती*
जिले में आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में गुना पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 08 विशेष रूप से मॉडिफाई की गई चीता मोबाइल यूनिट्स को जिले में तैनात किया गया है ।
गुना पुलिस द्वारा इन चीता मोबाइल मोटरसाइकिलों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित कराया गया है, जिससे पुलिस बल संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, आवासीय कॉलोनियों तथा संकरी गलियों में भी तेजी से पहुंचकर प्रभावी पुलिसिंग कर सकेगा । यह पहल आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी ।
इन अत्याधुनिक चीता मोबाइल यूनिट्स में विशेष सायरन व्यवस्था, मैनपैक कम्युनिकेशन सिस्टम, हाई-विजिबिलिटी चेतावनी लाइट्स तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा एवं संचार उपकरण लगाए गए हैं । प्रत्येक चीता मोबाइल पर हर समय दो प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित गश्त करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा आमजन को तत्काल सहायता प्रदान करने का कार्य करेंगे ।
आज दिनांक 09 जून 2026 को गुना पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने इन सभी चीता मोबाइल यूनिट्स का निरीक्षण किया । निरीक्षण के उपरांत उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को उनके निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना किया तथा तैनात पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील, सतर्क एवं उत्तरदायी रहकर कार्य करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित उपस्थिति ही अपराध नियंत्रण एवं जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है ।
इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय द्वारा गुना पुलिस को आवंटित नवीन 03 बोलेरो वाहन एवं 01 ट्रेवलर बस की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई । इसके पश्चात इन वाहनों को संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं शाखाओं को सुपुर्द किया गया । नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की गतिशीलता, संसाधन क्षमता एवं फील्ड रिस्पॉन्स व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी ।
गुना पुलिस का संकल्प है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु इसी प्रकार नवाचार आधारित एवं जनहितैषी प्रयास निरंतर जारी रहेंगे ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी, एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चाचौडा श्री मनोज कुमार झा, डीएसपी श्री आनंद राय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, कंट्रोल प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय, टीआई म्याना बृजमोहन सिंह भदौरिया, टीआई आरोन रविन्द्र सिंह सिकरवार, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे ।
