बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर, उपचार व्यवस्था का लिया जायजा
चिकित्सकों ने बच्चों और अभिभावकों को भी बताए स्वस्थ रहने के उपाय
Guna-
गुना के वार्ड क्रमांक 09 में कुछ बच्चों के अस्वस्थ होने की घटना के बाद जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मंगलवार को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल जिला चिकित्सालय पहुंचे और उपचाररत बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अस्पताल में उपलब्ध उपचार व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण लिया।
चिकित्सकों ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के बाद कुल 10 बच्चों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया था। इनमें से 7 बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि शेष 3 बच्चे भी स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं। सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा परिजनों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए और प्रत्येक बच्चे को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने बच्चों एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की सलाह दी। जिसमें उन्होंने बताया पानी को उबालकर एवं ठंडा करके ही उपयोग करें तथा उसे हमेशा ढंककर रखें। बच्चों को बाहर का खुला भोजन, जंक फूड तथा अधिक मसालेदार एवं तीखे खाद्य पदार्थों से दूर रखें। बच्चों द्वारा उपयोग की जाने वाली पानी की बोतलों और भोजन के बर्तनों की नियमित साफ-सफाई करें तथा प्लास्टिक के बजाय स्टील की बोतलों एवं बर्तनों का उपयोग करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां संचालित विभिन्न जांच सुविधाओं, उपकरणों एवं परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त कर समन्वय के साथ बेहतर काम करने के लिए निर्देशित किया।
