पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का प्रशिक्षण संपन्न
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में आगामी पल्स पोलियो अभियान के सफल एवं सुचारु संचालन के उद्देश्य से दिनांक 24 एवं 25 जून 2026 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें दो-दो बैचों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला टीकाकरण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. आर. एस. मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पल्स पोलियो अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला डेटा प्रबंधक श्री नरेश सिंह रघुवंशी एवं वीसीसीएम श्री विवेक गुप्ता द्वारा पल्स पोलियो अभियान के उद्देश्य, बूथ संचालन, घर-घर भ्रमण, छूटे हुए बच्चों की पहचान, माइक्रोप्लान तैयार करने, रिपोर्टिंग एवं निगरानी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने हेतु समुदाय को जागरूक करने तथा अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने आगामी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
