करें योग, रहें निरोग : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गुना में हुआ भव्य ‘योग संगम’ आयोजन
हनुमान टेकरी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने किया सामूहिक योगाभ्यास
गुना
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन रविवार को हनुमान टेकरी परिसर में किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ आयु के लिये योग) निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिकरवार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद्र गुप्ता, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेशों के सजीव प्रसारण से हुई। उपस्थित जनसमूह ने बड़ी स्क्रीन के माध्यम से संदेशों को देखा एवं सुना। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
योग साधकों ने वृक्षासन, ताड़ासन, वज्रासन, शशकासन, उष्ट्रासन, शलभासन, सेतुबंधासन एवं पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कर योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों का अनुभव किया।
मुख्य मंच पर योग प्रशिक्षक श्रीमती काव्यांजलि शर्मा श्रीमती मोहनी भार्गव श्री चंद्र मोहन यादव एवं श्री सुरेश शर्मा द्वारा योग अभ्यास करवाया गया।
अयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, योग संस्थानों के सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस विभाग, विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षार्थी, शासकीय सेवक, स्वयंसेवी संगठन, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्यों, नगरीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष टांटिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही आयुष विभाग द्वारा लगाए गए सेल्फी पॉइंट पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा सेल्फी ली गई। इसी श्रृंखला में 82 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिदिन दिए मिट्टी योग करने वाले श्री रमल कोठारी तथा पतंजलि योग समिति प्रभारी श्री रघुवंशी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
