बेहतर कार्य योजना बनाकर कार्यक्षमता बढ़ाएं, लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें – कलेक्टर
शिक्षा, कृषि, आपदा प्रबंधन एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुना
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक एवं लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सभी विभागीय अधिकारियों को बेहतर कार्य योजना बनाकर अपनी कार्यक्षमता में वृद्धि करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों एवं नवाचारों को अपनाने से कार्य की गुणवत्ता और परिणामों में सुधार होता है, इसलिए अधिकारी निरंतर सीखने और बेहतर कार्य पद्धतियों को अपनाने का प्रयास करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने कृषि क्षेत्र की समीक्षा करते हुए जिले में आलू उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं उन्नत कृषि पद्धतियों के उपयोग की बात कही। साथ ही मालाबार नीम की खेती में उपलब्ध संभावनाओं को देखते हुए इसके विस्तार के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि गोरस एप पशुओं के पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होगा, इसलिए इसके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने नरवाई जलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रकरणों में लगाए गए जुर्माने की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य की दृष्टि से नरवाई जलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की गई तथा शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने, मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग दल गठित कर कार्य करने, नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित पत्रों एवं प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया गया।
