Type Here to Get Search Results !

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से सुरक्षित बचपन की ओर कदम

 राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से सुरक्षित बचपन की ओर कदम


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से जिला चिकित्सालय में संचालित क्लब फुट क्लीनिक के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

विश्व क्लब फुट दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय स्थित क्लब फुट क्लीनिक में क्लब फुट से पीड़ित 5 बच्चों की सफल टेनोटॉमी अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र धाकड़ द्वारा की गई। इसके साथ ही पूर्व में उपचारित समस्त बच्चों का नियमित फॉलोअप कर उनकी स्वास्थ्य प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत क्लब फुट जैसी जन्मजात विकृतियों का समय पर निःशुल्क एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रारंभिक अवस्था में सही इलाज, नियमित फॉलोअप और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से बच्चों को स्थायी दिव्यांगता से बचाया जा सकता है।

डॉ. वीरेंद्र धाकड़ द्वारा बच्चों के माता-पिता की भ्रांतियों को दूर करते हुए उपचार प्रक्रिया, आवश्यक देखभाल एवं फॉलोअप के महत्व की जानकारी दी गई। सफल उपचार एवं मानवीय व्यवहार से अभिभूत अभिभावकों ने चिकित्सक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में लगभग 55 बच्चों की सफल टेनोटॉमी की जा चुकी है, जिससे ये बच्चे संभावित दिव्यांगता से बचकर सामान्य, स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह उपलब्धि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की संवेदनशीलता, प्रभावशीलता एवं प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.