Type Here to Get Search Results !

आधुनिक तकनीक से खेती बनी मुनाफे का सौदा, कलेक्टर ने प्रगतिशील किसान के नवाचारों को सराहा

 आधुनिक तकनीक से खेती बनी मुनाफे का सौदा, कलेक्टर ने प्रगतिशील किसान के नवाचारों को सराहा


थाई पिंक अमरूद की बगिया से लेकर पेटेंट प्राप्त कृषि मशीन तक, कृषि एवं उद्यानिकी नवाचारों का किया अवलोकन


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को चाचौड़ा विकासखंड के कृषि एवं उद्यानिकी नवाचारों का निरीक्षण कर किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पीपलखेड़ी में कृष्णा स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित "एक बगिया मां के नाम" अभियान अंतर्गत विकसित 100 थाई पिंक अमरूद पौधों की बगिया का अवलोकन किया। बगिया की तार फेंसिंग एवं रखरखाव व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसकी सराहना की। विशेष बात यह है कि थाई पिंक अमरूद के पौधे कम समय में फल देना प्रारंभ कर देते हैं, जिससे किसानों को शीघ्र आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

इसके उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने कुंभराज तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ौद पहुंचकर प्रगतिशील उद्यानिकी किसान श्री गोविंद मीणा के खेत का भ्रमण किया तथा उनके द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक सब्जी खेती एवं कृषि नवाचारों का अवलोकन किया।

श्री गोविंद मीणा द्वारा लगभग 3.50 एकड़ क्षेत्र में टमाटर, टिंडा एवं खीरे की उन्नत खेती ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग एवं स्टैकिंग तकनीक के माध्यम से की जा रही है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से वे प्रति एकड़ लगभग 3.50 से 4 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं, जो क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने किसान द्वारा विकसित एक अभिनव ट्रैक्टर चलित मशीन का भी निरीक्षण किया। यह मशीन एक साथ मल्चिंग बिछाने, बंड निर्माण एवं ड्रिप लाइन बिछाने का कार्य करती है। किसान के इस नवाचार को भारत सरकार से पेटेंट भी प्राप्त हो चुका है। मशीन की कार्यक्षमता देखकर कलेक्टर ने किसान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार कृषि क्षेत्र में लागत कम करने तथा कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि श्री गोविंद मीणा जैसे प्रगतिशील किसान क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाकर किसान परंपरागत खेती की तुलना में कई गुना अधिक आय अर्जित कर सकते हैं। किसानों को बागवानी एवं उन्नत कृषि तकनीकों की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चाचौड़ा श्री रवि मालवीय सहित अन्य जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.