निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वोच्च प्राथमिकता: कलेक्टर
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं जल प्रदाय परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में पंचायत स्तर पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गत माह की तुलना में वर्तमान प्रगति का तुलनात्मक प्रस्तुतीकरण तैयार कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए। साथ ही पिछली समीक्षा बैठक के बाद किए गए कार्यों की प्रगति फोटो सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि धरातल पर हुए कार्यों का वास्तविक मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में जल निगम द्वारा संचालित लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी अपूर्ण कार्यों को दिसंबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जल संबंधी निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का भी परीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कहा कि भूमि संबंधी समस्याओं के कारण कोई भी निर्माण कार्य प्रभावित न हो तथा आवश्यक समन्वय स्थापित कर बाधाओं का त्वरित निराकरण किया जाए।
बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
