नीट परीक्षा की तैयारियां पूरी, कलेक्टर ने समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज आगामी नीट परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम श्रीमति शिवानी पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान परीक्षा के पांचों केंद्रों के प्राचार्यों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं, पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, अभ्यर्थियों के परिजनों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है तथा परिसर की साफ-सफाई कर ली गई है। साथ ही बैठने की व्यवस्था सुव्यवस्थित की गई है एवं शौचालयों की सफाई भी सुनिश्चित की गई है। बैंक एवं डाकघर प्रतिनिधियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नीट परीक्षा दिनांक 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी तथा अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा सतत निरीक्षण किया जाएगा तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण करेंगे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी चेकलिस्ट तैयार कर उसके अनुसार व्यवस्थाओं का पुनः सत्यापन करें। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
