Type Here to Get Search Results !

सड़क सुरक्षा हेतु गुना पुलिस का सघन अभियान

 सड़क सुरक्षा हेतु गुना पुलिस का सघन अभियान


*40 वाहनों पर चालानी कार्यवाही, 22,600/-रुपए समन शुल्क वसूला*


*यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का दिया संदेश*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया ।


               थाना प्रभारी यातायात श्री अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं व्यस्ततम मार्गों पर सघन वाहन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई । अभियान के दौरान गलत दिशा (Wrong Side) में वाहन चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी एवं माल परिवहन करने, खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने, मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त बुलेट मोटरसाइकिलों का उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले चालकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्यवाही की गई ।


               अभियान के दौरान कुल 40 वाहनों पर चालानी कार्यवाही करते हुए 22,600 रुपए समन शुल्क वसूल किया गया । साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के महत्व एवं सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां देकर जागरूक भी किया गया ।


               इस अवसर पर यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को समझाइश देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि किसी परिवार की खुशियां, सपने और भविष्य छीन लेने वाली दर्दनाक घटनाएं होती हैं । एक क्षण की असावधानी किसी मां की गोद सूनी कर सकती है, किसी बच्चे के सिर से पिता का साया छीन सकती है तथा किसी परिवार को जीवनभर का दुःख दे सकती है । इसलिए यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी भी है ।


               यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय धैर्य एवं संयम बनाए रखें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें ।


               गुना पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्यवाही करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित घर तक पहुंचाना है । आपका इंतजार केवल आपका परिवार ही नहीं, बल्कि आपके सपने, जिम्मेदारियां और आपके अपनों की खुशियां भी कर रही होती हैं । "सड़क पर जल्दबाजी नहीं, समझदारी दिखाएं । नियमों का पालन करें, क्योंकि आपका जीवन आपके परिवार के लिए अनमोल है ।" गुना पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध एवं तत्पर है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.