“यूएनएफपीए समर्थित संचार अभियान से गुना ब्लॉक में बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता, अब बीनागंज ब्लॉक में होगा विस्तार”
गुना,
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कलेक्टरश्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमा ऋषिश्वर तथा अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के सहयोग से यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड (UNFPA) द्वारा संचालित संचार एवं जनजागरूकता अभियान का गुना ब्लॉक में आज समापन किया जा रहा है। अभियान के अंतिम चरण में उमरी एवं मकरोड़ा ग्रामों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम किए गए
यह अभियान समुदाय में परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया गया। गुना ब्लॉक में अभियान के दौरान मार्कीमाहू, शेरपुर, कंदई सहित अनेक ग्रामों को कवर किया गया, जहाँ पूर्व में मातृ मृत्यु के मामलों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक देखी जाती रही है। अभियान के माध्यम से समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेशों से अवगत कराया गया तथा सेवाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित किया गया।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी यूएनएफपीए समर्थित आई टीम ने सक्रिय सहभागिता की। सीएससी मार्कीमाहू में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच, सुरक्षित मातृत्व एवं संस्थागत प्रसव के महत्व के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
यूएनएफपीए के सहयोग एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सका। विशेष रूप से आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा सुपरवाइजरों के सक्रिय सहयोग, घर-घर संपर्क एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के कारण कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ। आशा कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं एवं परिवारों तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुँचाने, उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा परिवार नियोजन एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग एवं यूएनएफपीए सभी आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा सुपरवाइजरों के योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त करता है।
गुना ब्लॉक में अभियान के सफल संचालन के उपरांत आज से बीनागंज ब्लॉक में इस संचार अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के प्रथम चरण में बीनागंज, नित्यखेड़ी एवं कालापीपल ग्रामों में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
