Type Here to Get Search Results !

गुना पुलिस लाइन में आयोजित मार्गदर्शन कार्यक्रम में नव आरक्षकों का बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित

 *"141 नव आरक्षक प्रशिक्षण के लिए तैयार — पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने दिए अनुशासन, जनसेवा और सफलता के मूलमंत्र"*


गुना पुलिस लाइन में आयोजित मार्गदर्शन कार्यक्रम में नव आरक्षकों का बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित



                  गुना जिले को हाल ही में प्राप्त हुए 155 नव नियुक्त आरक्षकों में से आमद हो चुके 141 महिला एवं पुरुष नव आरक्षकों के सम्मान एवं मार्गदर्शन हेतु आज दिनांक 21 जून 2026 को गुना पुलिस लाइन परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया । उक्त नव आरक्षकों में से 88 नव आरक्षक एवं 35 महिला नव आरक्षक कुल 123 नव आरक्षक आगामी दिनांक 22 जून 2026 को अपने वार्षिक आधारभूत प्रशिक्षण हेतु पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय तिघरा एवं इंदौर के लिए रवाना होंगे तथा शेष नव आरक्षकों को भी आगामी दिनों में प्रशिक्षण हेतु रवाना किया जाएगा ।


                  कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने समस्त नव आरक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस सेवा के गौरव, दायित्वों एवं चुनौतियों से अवगत कराया । उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज, राष्ट्र एवं कानून के प्रति समर्पित सेवा का प्रतीक है । प्रत्येक पुलिसकर्मी का आचरण, अनुशासन एवं कार्यशैली सीधे तौर पर पुलिस विभाग की छवि और जनता के विश्वास को प्रभावित करती है ।


                  पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवधि उनके संपूर्ण पुलिस जीवन की मजबूत नींव है । प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं व्यवहारिक अनुभव भविष्य में उन्हें एक सक्षम, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसकर्मी के रूप में स्थापित करेंगे । उन्होंने सभी को प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का पूर्ण लाभ उठाने, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के अनुभवों से सीखने तथा आत्मअनुशासन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी । साथ ही नव आरक्षकों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता, जनसेवा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की चुनौतियों तथा आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया । उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के बीच सुरक्षा, विश्वास एवं सहयोग का वातावरण स्थापित करना भी है ।


                  कार्यक्रम के दौरान नव आरक्षकों में पुलिस सेवा के प्रति उत्साह, ऊर्जा एवं समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया । सभी नव आरक्षकों ने पूरी निष्ठा, मेहनत एवं अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर एक आदर्श पुलिसकर्मी बनने का संकल्प व्यक्त किया ।


                  गुना पुलिस परिवार की ओर से प्रशिक्षण हेतु रवाना हो रहे नव आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य एवं सफल प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं प्रदान की गईं एवं विश्वास व्यक्त किया गया कि सभी नव आरक्षक प्रशिक्षण उपरांत अपने उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे ।


                  इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, सूबेदार स्मृति दोहरे आदि सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.