अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर गुना पुलिस का लगातार प्रहार
बमोरी थानांतर्गत ग्राम मूंदोल में जुए की सूचना पर पुलिस की प्रभावी कार्यवाही, जुआ खेलते 05 जुआरी दबोचे
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में बमोरी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में जुए की सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए जुआ खेल रहे पांच जुआरियों पर जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 जुलाई 2026 को बमोरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मूंदोल के तिराहे के पास कुछ व्यक्ति रुपये-पैसों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं । सूचना को गंभीरता से लेते हुए बमोरी थाने से पुलिस टीम तत्काल ग्राम मूंदोल पहुंची और जहां मुखबिर की बताई जगह पर दबिश देकर मौके पर जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को पकड़ लिया गया ।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजेश पुत्र लटूरचंद जाटव (35 वर्ष), देवेन्द्र पुत्र गचु जाटव (31 वर्ष), दीपक पुत्र तुलाराम राठौर (21 वर्ष), दुर्गाप्रसाद पुत्र बोगीलाल धाकड़ (45 वर्ष) एवं राधेश्याम पुत्र रामप्रसाद राठौर (41 वर्ष) सभी निवासी ग्राम मूंदोल थाना बमोरी जिला गुना के बताए ।
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,210/-रूपये नकद एवं ताश की एक गड्डी विधिवत जप्त कर जुआ खेलते पकड़े गए पांचों जुआरियों के विरुद्ध बमोरी थाने में अपराध क्रमांक 159/26 धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है ।
बमौरी थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण रघुवंशी, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, आरक्षक रवि गुर्जर एवं आरक्षक मनोज धाकड़ की विशेष भूमिका रही है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी । जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गुना पुलिस द्वारा ऐसी कार्यवाहियां आगे भी लगातार जारी रहेंगी ।
