Type Here to Get Search Results !

90% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या शिक्षा के बेहतर स्तर का प्रमाण : कलेक्टर

 90% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या शिक्षा के बेहतर स्तर का प्रमाण : कलेक्टर


मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हेलमेट, साइबर सुरक्षा और नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि गुना में शिक्षा का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। विद्यार्थियों की सफलता में उनकी मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री कन्‍याल ने बुधवार को राघौगढ़ में पत्रकार संघ द्वारा आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।


पांच हजार लैपटॉप वितरण का लक्ष्य, करियर के अनेक अवसर उपलब्ध


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 2,700 विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए थे, जबकि अब प्रशासन का लक्ष्य इस संख्या को बढ़ाकर 5,000 से अधिक करने का है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की मेहनत और बेहतर परीक्षा परिणामों के आधार पर यह लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त होगा।


स्कूटी चलाते समय हेलमेट पहनने का दिया संदेश


कलेक्टर ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सरकार द्वारा स्कूटी भी प्रदान की जाती है। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर बताया कि उन्हें स्कूटी मिल चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि स्कूटी या किसी भी दोपहिया वाहन का उपयोग करते समय हमेशा हेलमेट पहनें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। सभी विद्यार्थियों ने हेलमेट पहनने का संकल्प लिया।


साइबर फ्रॉड और नशे से बचने की दी सीख


कलेक्टर श्री कन्याल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि युवावस्था जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है, लेकिन गलत संगति और नशे जैसी बुरी आदतें भविष्य को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे और अन्य गलत गतिविधियों से दूर रहने तथा यदि कोई उन्हें ऐसी गतिविधियों के लिए प्रेरित करे तो इसकी जानकारी तुरंत अपने परिजनों को देने की अपील की।


लक्ष्य और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी : पुलिस अधीक्षक


पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों को 

शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य होना अत्यंत आवश्यक है। बिना लक्ष्य के व्यक्ति भटक जाता है, जबकि लक्ष्य और उस पर अटूट विश्वास ही सफलता का आधार बनते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा संचालित 'नशे से दूरी' अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से संकल्प दिलाया कि वे स्वयं कभी नशा नहीं करेंगे और न ही अपने परिवार एवं समाज में किसी को नशा करने के लिए प्रेरित होने देंगे।


कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अनुविभागीय अधिकारी श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक, पत्रकारगण एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.