*गुना पुलिस की सतर्क कार्यवाही में 30 हजार रुपये का इनामी डकैत गिरफ्तार*
धरनावदा पुलिस ने अवैध कच्ची शराब लेकर बिक्री की फिराक में कुख्यात पारदी बदमाश किया गिरफ्तार
*मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौंसर थाना क्षेत्र में तकरीबन 20 लाख की डकैती के मामले में आरोपी चल रहा था फरार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना धरनावदा पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए अवैध कच्ची शराब के साथ एक कुख्यात पारदी बदमाश को गिरफ्तार किया है । जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौंसर थाना क्षेत्र में लगभग 20 लाख रुपये की डकैती के चर्चित मामले में फरार होना तथा उसकी गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित होना भी सामने आया ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 06 जुलाई 2026 को धरनावदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हाईवे स्थित प्रस्तावित कंचनपुरा गौशाला के समीप एक व्यक्ति प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी दो केनों में अवैध कच्ची शराब लेकर बिक्री की फिराक में बैठा हुआ है । थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्रय की सूचना को गंभीरता से लेकर धारनावदा थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा तत्काल कंचनपुरा गौशाला के पास पहुंचकर देखा तो वहां पर एक व्यक्ति दो केनों के साथ दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही केंने छोड़कर भागने लगा, किंतु पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं रणनीतिक घेराबंदी करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम धनराज उर्फ चित्तू पारदी पुत्र राजा पारदी 26 साल निवासी ग्राम मुरादपुर थाना धरनावदा जिला गुना का बताया एवं जिसके कब्जे में मिली कैनो से कुल 65 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जप्त कर आरोपी के विरूद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 144/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की जांच के दौरान आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण करने पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि धनराज उर्फ चित्तू पारदी पांढुर्णा जिले के सौंसर थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुई लगभग 20 लाख रुपये की डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था । उक्त प्रकरण में आरोपी धनराज पारदी की गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का नगद पुरस्कार भी घोषित किया गया था ।
गौरतलब है कि दिनांक 02-03 अगस्त 2024 की रात्रि सौंसर थाना क्षेत्र में लगभग 20 लाख रुपये की डकैती की वारदात हुई थी, जिस पर थाना सौंसर में अपराध क्रमांक 331/2024 धारा 310(2) एवं 331(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था । विवेचना के दौरान धनराज पारदी की संलिप्तता सामने आने के बाद से पांढुर्णा पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी । धरनावदा पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के संबंध में तत्काल पांढुर्णा पुलिस को सूचना दे दी गई है, ताकि संबंधित प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके ।
गुना पुलिस की इस इस कार्यवाही ने एक ओर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया है, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अंतर-जिला पुलिस समन्वय एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है ।
इस उल्लेखनीय कार्यवाही में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सेंगर, आरक्षक ऋषिकेश शर्मा, आरक्षक विनीत लोधी, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़, आरक्षक दामोदर सिंह तथा गुना से प्रधान आरक्षक दीपक तोमर एवं प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें । नागरिकों का सहयोग अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है । गुना पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है ।
