विश्राम गृहों में आमजन के लिए आरक्षण की सुविधा शुरू
Guna -
लोक निर्माण विभाग, भोपाल द्वारा प्रदेश के समस्त विश्राम गृहों (रेस्ट हाउस) को वीआईपी एवं शासकीय अधिकारियों के साथ-साथ आमजन के लिए भी आरक्षित करने की सुविधा प्रदान की गई है। शासन द्वारा इस व्यवस्था को प्रायोगिक रूप से प्रारंभ किया गया है।
जिला मुख्यालय स्थित विश्राम गृह के प्रति कक्ष के लिए 1,000 रुपये, तहसील मुख्यालय स्थित विश्राम गृह के लिए 600 रुपये तथा अन्य विश्राम गृहों के आरक्षण के लिए 500 रुपये प्रति कक्ष की दर निर्धारित की गई है।
आमजन विश्राम गृहों में ठहरने के लिए लोक निर्माण विभाग की वेबसाइट mppwd.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आरक्षण कर सकते हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से आम नागरिकों को भी शासकीय विश्राम गृहों में निर्धारित शुल्क पर ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वर्तमान में विश्राम गृहों पर प्रशिक्षित खानसामा एवं केयरटेकर उपलब्ध नहीं होने के कारण उपलब्ध गैंगमैन अथवा स्थायी कर्मचारियों से आवश्यक कार्य लिया जा रहा है। आगामी समय में व्यवस्थाओं में सुधार के साथ-साथ विश्राम गृहों में नाश्ता एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई इस व्यवस्था से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आने-जाने वाले नागरिकों को किफायती दर पर ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
