महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर गुना पुलिस का व्यापक जागरूकता अभियान
*छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, मानव तस्करी, बाल विवाह एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक*
*“पुलिस आपकी दोस्त है”—किसी भी परेशानी में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए छात्राओं को किया प्रेरित*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन एवं डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षाए उनके अधिकारों तथा कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर विभिन्न जागरूकता अभियान एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।
इसी क्रम में मानव तस्करी निषेध जागरूकता अभियान, उमंग दिवस, साइबर जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान एवं अभिमन्यु अभियान के अंतर्गत महिला थाना प्रभारी श्रीमती फिरदौस तबस्सुम द्वारा अपने पुलिस स्टाफ के साथ गुना शहर के उत्कृष्ट विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं से संवाद कर उन्हें गुड टच-बैड टच, बाल यौन शोषण, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया गया । छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार का गलत स्पर्श, अभद्र व्यवहार, धमकी, पीछा करना, जबरदस्ती अथवा शोषण सहन नहीं करना चाहिए । ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक, किसी विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस को दें । साथ ही साइबर फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग, आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो के दुरुपयोग, OTP एवं पासवर्ड की गोपनीयता, फर्जी लिंक तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई । उन्हें समझाया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय सावधानी बरतें तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, पासवर्ड एवं OTP किसी के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया न दें ।
छात्राओं को मानव तस्करी के स्वरूप एवं उससे बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि नौकरी, शिक्षा, बेहतर भविष्य अथवा अन्य किसी लालच में अनजान व्यक्तियों पर आसानी से विश्वास न करें । किसी बालिका के लापता होने, बहला-फुसलाकर ले जाने अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें । बाल विवाह के संबंध में बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है तथा इससे होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया । इस दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर डायल-112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी दी गई ।
कार्यक्रम में छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशीले पदार्थों से दूर रहने, नशे की लत से बचने तथा अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया । छात्राओं को शिक्षा एवं अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया एवं बताया गया कि पुलिस आपकी दोस्त है, पुलिस से डरने की आवश्यकता नहीं है । किसी भी प्रकार की परेशानी, अपराध, छेड़छाड़, धमकी, साइबर अपराध अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना दें । पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है ।
गुना पुलिस द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बालिकाओं एवं महिलाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं कानून के प्रति जागरूकता बढ़े तथा वे किसी भी चुनौती का निर्भीकता से सामना कर सकें ।
