*केंट थाना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही*
*शराब पार्टी के दौरान विवाद में बीयर की बोतलों से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपी महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । विशेष रूप से गंभीर एवं हिंसक अपराधों में त्वरित कार्यवाही करते हुए यथाशीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा, बीती रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर बीयर की बोतलों से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपियों को घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को फरियादी श्रीकांत धाकड़ उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम पाटई थाना म्याना हाल निवासी न्यू सिटी कॉलोनी गुना ने जिला चिकित्सालय गुना में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज दिनांक 26 अक्टूबर 2026 की रात्रि में वह दिलीप बैरागी निवासी नानाखेड़ी, गुना तथा दीपक बाबा एवं नरेन्द्र कुशवाह निवासीगण ग्राम पाटई के साथ गोपालपुरा कलारी के पास शराब पी रहा था । इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया । विवाद के दौरान दिलीप बैरागी, दीपक कुशवाह एवं नरेन्द्र कुशवाह ने उसे जान से मारने की नीयत से उसके सिर एवं माथे पर बीयर की बोतलों से वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं । रिपोर्ट पर आरोपीगणों के विरूद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 992/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाना पुलिस ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास प्रारंभ किए । पुलिस टीम द्वारा सघन तलाश अभियान चलाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई । इसमें पुलिस की तत्परता, सतत प्रयासों एवं प्रभावी कायवाही के परिणामस्वरूप आज दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों दिलीप पुत्र अशोक बैरागी उम्र 24 वर्ष निवासी नानाखेड़ी गुना एवं दीपक उर्फ बाबा पुत्र खुमान सिंह कुशवाह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम पाटई थाना म्याना जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया है । पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास निरंतर जारी है ।
कैंट थाना पुलिस की इस तत्पर एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अजयप्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक रवि जाट, आरक्षक सूर्यभान जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी एवं आरक्षक महेन्द्र वर्मा की विशेष भूमिका रही है ।
