गुना में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने मूल्यांकन शिविरों का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 04 नवंबर 2026 को
गुना
गेल (इंडिया) लिमिटेड की निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर के सहयोग से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया गया जा रहा हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत गुना अंतर्गत दिनांक 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 04 नवंबर 2026 (बुधवार), प्रातः 10:00 बजे से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, कैंट थाने के पीछे, गुना में आयोजित किए जाएंगे। जनपद क्षेत्र के समस्त पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर परीक्षण एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया में भाग लें, जिससे पात्रतानुसार उन्हें निःशुल्क सहायक उपकरणों का लाभ प्राप्त हो सके।
दिव्यांगजनों हेतु आवश्यक दस्तावेज
शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांगजन 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक दिव्यांगता दर्शाने वाले UDID कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट आकार के 2 नवीनतम फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति, आय प्रमाण-पत्र अथवा बीपीएल कार्ड की छायाप्रति तथा समग्र परिवार आईडी की छायाप्रति अनिवार्य रूप से साथ लाएं।
वरिष्ठ नागरिकों हेतु आवश्यक दस्तावेज
निःशुल्क सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण एवं मूल्यांकन हेतु वरिष्ठ नागरिकों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। संबंधित वरिष्ठ नागरिक आय प्रमाण-पत्र अथवा बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड तथा समग्र परिवार आईडी की छायाप्रति साथ लेकर आएं।
