स्वामित्व योजना के लक्ष्यों में तेजी लाएं, नरवाई जलाने पर करें सख्त कार्रवाई : कलेक्टर
स्कूलों में बच्चे क्या सीख रहे हैं, निरीक्षण में इस पर दें विशेष ध्यान; लंबित शिकायतों का समय-सीमा में करें निराकरण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वामित्व योजना, नरवाई जलाने पर रोक, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता, सीएम हेल्पलाइन, पेंशन प्रकरणों और टीबी मुक्त जिला बनाने सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें तथा मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वामित्व योजना के लक्ष्यों को समय पर करें पूरा
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वामित्व योजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तहसीलदारों एवं पटवारियों को दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करें। सभी एसडीएम योजना के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
नरवाई जलाने पर रोक के लिए करें कार्रवाई
कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि जहां नरवाई जलाए जाने की पुष्टि हो, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को फील्ड में जाकर स्थिति की निगरानी करने, संबंधित प्रकरण तैयार करने तथा नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को नरवाई नहीं जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित करने को निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य व्यवस्थाओं में सुधार करना
कलेक्टर श्री कन्याल ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं में सुधार लाना है। सभी जिला अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने अभियान से संबंधित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका तुरंत निराकरण किया जाए तथा जिनका निराकरण संभव नहीं है, उनके संबंध में स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत की जाए।
स्कूलों में उपस्थिति के साथ बच्चों की सीखने की क्षमता पर दें ध्यान
कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को स्कूलों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपस्थिति दर्ज करना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि बच्चे विद्यालय में क्या सीख रहे हैं। इसलिए निरीक्षण के दौरान पढ़ाई की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्धारित समय-सीमा से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण पर जोर दिया तथा अधिकारियों को शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।
जिला चिकित्सालय और ट्रैवल विभाग की होगी समीक्षा
कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री दिव्यांशु शिवहरे को जिला चिकित्सालय और आदिम जाति कल्याण विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
न्यायालयीन प्रकरणों और आयोगों के पत्रों का समय पर दें जवाब
कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों तथा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर जवाब भेजना सुनिश्चित किया जाए।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का तत्काल करें निराकरण
कलेक्टर ने पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन संबंधी प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जाए। किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विभाग प्रमुखों एवं पेंशन अधिकारी को समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य देयकों के संबंध में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
टीबी मरीजों तक पहुंचाएं पोषण किट, उपचार के प्रति करें जागरूक
टीबी मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को पोषण आहार की जानकारी और बीमारी के लक्षणों, उपचार तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसका उपचार संभव है। मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी के लक्षणों, नियमित उपचार के महत्व तथा पोषण संबंधी आवश्यकताओं के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
बैठक समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा हमारा उद्देश्य है शासन की योजनाओं को प्रभावी क्रियान्वयन हो। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें।
