*गुना पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्यवाही*
*महिलाओं से छलपूर्वक जेवरात ठगने के मामलों में कुंभराज थाना पुलिस की बड़ी सफलता
*प्रकरणों में लंबे समय से फरार जेवर खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, ठगी का मुख्य आरोपी पूर्व हो चुका है गिरफ्तार*
*करीब 22 माह पुराने ठगी के प्रकरण सहित दो मामलों में छलपूर्वक हड़पे गए करीब 01 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ एवं चोरी, ठगी आदि के मामलों में मशरूका बरामदगी के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुंभराज थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत महिलाओं से छलपूर्वक सोने-चांदी के जेवरात हड़पने के दो मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है ।
कुंभराज थाना पुलिस द्वारा दोनों प्रकरणों में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर जेवरात खरीदने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दोनों घटनाओं में हड़पे गए करीब 01 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 10 जनवरी 2025 को फरियादिया मुस्कान धाकड़ निवासी इंदा कॉलोनी कुंभराज के द्वारा कुंभराज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आज दिनांक 10 जनवरी 2025 को उसके माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्य भागवत कथा सुनने गए हुए थे । घर पर वह अपनी चाची राजकुमारी बाई के साथ मौजूद थी । इसी दौरान दोपहर करीब 03 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचा और स्वयं को उसके पिता द्वारा भेजा जाना बताकर घर के अंदर आकर बैठ गया । उक्त व्यक्ति ने पीने के लिए पानी मांगा और पानी पीने के बाद बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के जेवर मंगवाए हैं । उसकी बातों पर विश्वास कर फरियादिया ने अपनी मां का सोने का मंगलसूत्र एवं सोने की अनारदानी उसे दे दी । कुछ समय बाद जब उसकी मां एवं दादी घर पहुंचीं तो उसने पूरी घटना बताई । परिवार द्वारा जानकारी करने पर पता चला कि उसके पिता ने किसी भी व्यक्ति को जेवर लेने के लिए नहीं भेजा था । इस प्रकार अज्ञात व्यक्ति द्वारा छलपूर्वक सोने के जेवरात हड़प लिए गए थे । फरियादिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध कुंभराज थाने में अपराध क्रमांक 05/25 धारा 318(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
इसी प्रकार दिनांक 13 नवंबर 2025 को फरियादिया रुमा लोधा निवासी गीतानगर कुंभराज के द्वारा कुंभराज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 09 नवंबर 2025 को शाम करीब 05:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचा और स्वयं को उसके ससुर द्वारा भेजा जाना बताते हुए कहा कि गांव में भंडारा है, जिसमें पूरे परिवार को शामिल होना है । आरोपी की बातों पर विश्वास कर फरियादिया ने उसे परिवार का सदस्य समझ लिया । इसके बाद आरोपी ने उससे मंगलसूत्र एवं दोनों कानों की बालियां यह कहकर ले लीं कि वह कुछ देर बाद वापस लौटा देगा । काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो फरियादिया ने अपने पति एवं ससुर से जानकारी ली, जिन्होंने किसी भी व्यक्ति को जेवर लेने के लिए भेजने से इनकार कर दिया । इस प्रकार अज्ञात व्यक्ति द्वारा परिवार का सदस्य होने का विश्वास दिलाकर फरियादिया से करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात छलपूर्वक हड़प लिए गए थे । फरियादिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध कुंभराज थाने में अपराध क्रमांक 247/25 धारा 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
उक्त दोनों ही प्रकरणों में कुंभराज थाना पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की पतारसी एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए । इसमें पुलिस के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 25 मई 2026 को दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी राजू ओझा निवासी ग्राम जलेश्वर थाना ईसागढ़ जिला अशोकनगर को गिरफ्तार किया गया था । पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा उक्त दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया था तथा ठगी से प्राप्त सोने-चांदी के जेवरात अशोकनगर निवासी अजय सोनी को बेचना बताया गया था । इस आधार पर पुलिस द्वारा प्रकरणों में अजय सोनी को आरोपी बनाते हुए धारा 317(2) बीएनएस का इजाफा किया गया था । इसके बाद से ही कुंभराज थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार आरोपी अजय सोनी की लगातार तलाश की जा रही थी ।
प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कुंभराज थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे । जिसके क्रम में गत दिवस मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कुम्भराज थाना पुलिस टीम द्वारा तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी अजय उर्फ गोलू पुत्र सालिगराम सोनी उम्र 37 वर्ष निवासी मोती मोहल्ला अशोकनगर को गिरफ्तार कर लिया गया एवं पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से दोनों प्रकरणों में ठगी के मुख्य आरोपी राजू ओझा द्वारा हड़पे गए सोने-चांदी के आभूषण, जिसमें सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की एक अनारदानी, सोने के एक जोड़ बाला, सोने की एक बिजासन माला एवं चांदी के एक लॉकेट सहित माला कुल अनुमानित कीमत करीब 01 लाख रुपये के जेबर बरामद किए गए हैं ।
इस प्रकार कुंभराज थाना पुलिस के सतत प्रयासों एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप करीब 22 माह पुराने प्रकरण सहित दोनों मामलों में महिलाओं से छलपूर्वक हड़पे गए सोने-चांदी के समस्त आभूषण बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है । साथ ही प्रकरण में लंबे समय से फरार जेवर खरीदने वाले आरोपी की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई है ।
कुंभराज थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, उपनिरीक्षक रंगलाल मेर, प्रधान आरक्षक सलीम खान, प्रधान आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक जालम डाबर, आरक्षक आलम जमरा, आरक्षक दिलीप साहू, आरक्षक सत्येद्र रावत, आरक्षक अजय रघुवंशी, आरक्षक सुनील धाकड़, आरक्षक धर्मवीर सिंह, आरक्षक दिलीप धाकड़ एवं महिला आरक्षक पिंकी सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
