Type Here to Get Search Results !

फसल की आड़ में चल रही गांजे की खेती का कैंट थाना पुलिस ने किया भंडाफोड़

 *गुना पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही*


फसल की आड़ में चल रही गांजे की खेती का कैंट थाना पुलिस ने किया भंडाफोड़


*ग्राम बरखेड़ा ढेकनी में दबिश देकर गांजे के 299 पौधे एवं 7.040 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद, कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये*


*गांजे की अवैध खेती करने वाला आरोपी पहलवान सिंह यादव गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में कैंट थाना पुलिस ने ग्राम बरखेड़ा ढेकनी में फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है । पुलिस टीम ने मौके से गांजे के कुल 299 पौधे, जिनका वजन 131.440 किलोग्राम तथा 7.040 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया है । बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है । मामले में आरोपी पहलवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है ।


               प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 अक्टूबर 2026 की शाम कैंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा ढेकनी में पहलवान सिंह यादव नामक व्यक्ति ने अपने खेत में अन्य फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं । अवैध गांजे की खेती की सूचना को गंभीरता से लेते हुए कैंट थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर रवाना हुई । पुलिस टीम बिना कोई देरी किए तुरंत मौके पर पहुंची, जहां खेत में बने घर पर एक व्यक्ति मिला । पूछताछ में उसने अपना नाम पहलवान सिंह पुत्र भैयालाल यादव उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम बरखेड़ा ढेकनी थाना कैंट जिला गुना का बताया ।


               पुलिस टीम द्वारा खेत में आसपास जांच करने पर अन्य भारी संख्या में गांजे के हरे पौधे उगे हुए मिले एवं मौके पर चार कटे हुए सूखे पौधे भी रखे मिले । इसके अतिरिक्त एक प्लास्टिक की पॉलीथिन में सूखा हुआ गांजा भी बरामद हुआ । पुलिस टीम ने मौके पर गांजे के पौधों को उखड़वाकर उनकी गिनती एवं वजन कराया गया जिसमें हरे गांजे के 295 पौधे तथा चार सूखे पौधे, इस प्रकार कुल 299 पौधे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 131.440 किलोग्राम पाया गया । वहीं पॉलीथिन में रखे सूखे गांजे का वजन 7.040 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 03 लाख रुपये आंकी गई है । पुलिस द्वारा बरामद गांजे के सभी पौधों एवं सूखे गांजे को विधिवत जप्त किया कर आरोपी पहलवान सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया एवं उसके विरुद्ध थाना कैंट में अपराध क्रमांक 994/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।


               गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है । पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं । गुना पुलिस की यह कार्यवाही जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ।


               अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ करने एवं गांजा बरामद करने की इस कार्यवाही में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, उपनिरीक्षक अरुंधति राजावत, प्रधान आरक्षक शिवदयाल वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रदीप धाकड़, प्रधान आरक्षक लखन किरार, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक रवि जाट, आरक्षक सूर्यभान जाट एवं आरक्षक रामनिवास शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.