*फरार वारंटियों की धरपकड़ में गुना पुलिस का अभियान निरंतर जारी*
*अलग-अलग 04 प्रकरणों में वर्षों से फरार 03 स्थाई वारंटी गिरफ्तार*
गुना कोतवाली एवं चांचौड़ा थाना पुलिस की कार्यवाही
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में माननीय न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी वारंटों में फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है । अभियान के तहत पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों पर सतत निगरानी रखते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में जिले के थाना चांचौड़ा एवं थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अलग-अलग 04 प्रकरणों में फरार चल रहे 03 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है ।
*थाना चांचौड़ा पुलिस की कार्यवाही, दो अलग-अलग प्रकरणों में फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार :*
चांचौड़ा थाने के अपराध क्रमांक 953/16, धारा 452, 294, 323, 506, 427, 34 भादवि तथा अपराध क्रमांक 76/21, धारा 323, 294, 506 भादवि के प्रकरणों में आरोपी कपिल भील निवासी ग्राम हिनोती, थाना चांचौड़ा, न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार चल रहा था । आरोपी की लगातार अनुपस्थिति के चलते माननीय न्यायालय चांचौड़ा द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक क्रमश: 442/16 एवं 335/21 में उसके विरुद्ध पृथक-पृथक स्थायी वारंट जारी किए गए थे ।
चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा वारंटी की लगातार तलाश की जा रही थी । जिसके क्रम में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर चांचौड़ा थाना पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए वारंटी कपिल पुत्र फूल सिंह भील उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम हिनोती थाना चांचौड़ा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया । इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, आरक्षक अर्जुन भील एवं आरक्षक कपिल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
*गुना कोतवाली पुलिस की कार्यवाही, मारपीट एवं चेक बाउंस मामलों में फरार दो वारंटी गिरफ्तार :*
*1. मारपीट के प्रकरण में फरार वारंटी गिरफ्तार -*
थाना कोतवाली गुना के अपराध क्रमांक 257/2020, धारा 324, 294, 506 भादवि के प्रकरण में आरोपी मोनू कोरी निवासी कोल्हूपुरा गुना, न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार चल रहा था । आरोपी की लगातार अनुपस्थिति के कारण माननीय न्यायालय गुना द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 1911/20 में उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था ।
गुना कोतवाली पुलिस द्वारा वारंटी की निरंतर तलाश की जा रही थी । जिसके क्रम में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वारंटी मोनू पुत्र घनश्याम कोरी उम्र 38 वर्ष निवासी कोल्हूपुरा गुना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया ।
*2. चेक बाउंस के प्रकरण में फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार -*
इसी प्रकार माननीय न्यायालय गुना में चेक बाउंस से संबंधित न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 446/18, धारा 138 एन.आई. एक्ट के अंतर्गत आरोपी दीप उर्फ दीपू सोनी निवासी सदर बाजार गुना के विरुद्ध कार्यवाही प्रचलित थी । न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने के कारण माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी दीप सोनी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था । पुलिस द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी, जसकी तलाश के दौरान आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए वारंटी दीप उर्फ दीपू पुत्र घनश्याम सोनी उम्र 41 वर्ष निवासी सदर बाजार गुना को गिरफ्तार कर लिया गया ।
स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस लाइन से प्रधान आरक्षक अजेन्द्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक हरीश राजपूत, आरक्षक विनय धाकड़, आरक्षक शरद यादव एवं गुना कोतवाली पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है ।
