सिरसी थानांतर्गत जमीन विवाद में व्यक्ति की मृत्यु के मामले में पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही
*महज 24 घंटे के भीतर 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्ती बरतते हुए हिंसक अपराधों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में पुलिस द्वारा सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम चिडरऊ अमरपुरा में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में तत्परता से कार्यवाही करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 06 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि फरियादिया जागृति बाई पटेलिया निवासी ग्राम नयागांव के द्वारा दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को सिरसी थाना पुलिस को रिपोर्ट करते हुये बताया था कि आज वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ ग्राम चिडरऊ अमरपुरा स्थित अपने खेत में मक्के की फसल काट रही थी । उनके साथ ग्राम नयागांव निवासी पिस्सम यादव, उसकी पत्नी सुनीता यादव एवं रुकमणी यादव भी मजदूरी का कार्य कर रहे थे । इसी दौरान ग्राम सालौदा निवासी गजानंद धाकड़, उसके पुत्र कमल सिंह एवं धनराज, भानेज लोटू तथा कुछ अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर विवाद करने लगे । जिनके द्वारा गाली-गलौज करने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया । विवाद बढ़ने पर खेत में मजदूरी कर रहे पिस्सम यादव के साथ मारपीट की गई । फरियादिया एवं पिस्सम यादव की पत्नी सुनीता यादव द्वारा बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई । मारपीट के दौरान पिस्सम यादव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया, इस घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई । डायल-112 वाहन के मौके पर पहुंचने के बाद घायलों को उपचार हेतु शासकीय अस्पताल मारकीमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा पिस्सम यादव को मृत घोषित कर दिया गया । फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपीगण गजानंद धाकड़, कमल सिंह धाकड़, धनराज धाकड़, लोटू धाकड़ एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सिरसी थाने में अपराध क्रमांक 70/26, धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5), 103(1) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गठित कर सक्रिय की गईं । पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा सघन तलाश एवं पतारसी की गई । इसमें पुलिस की तत्परता एवं लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर 06 आरोपियों 1. गजानंद पुत्र मान सिंह धाकड़ उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम सालौदा, 2. धनराज पुत्र गजानंद धाकड़ उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम सालौदा, 3. लोटू उर्फ पवन पुत्र दुर्जन सिंह धाकड़ उम्र 25 वर्ष निवासी टकनेरा रोड म्याना, 4. राजेश उर्फ माटू पुत्र रामचरण धाकड़ उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम विशनवाड़ा थाना बमौरी, 5. अमर सिंह पुत्र हरिचरण धाकड़ उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम पाटन थाना बमौरी एवं 6. लक्ष्मण पुत्र दीपचंद धाकड़ उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम विशनवाड़ा थाना बमौरी को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है । प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं ।
गुना पुलिस की इस त्वरित एवं सफल कार्यवाही में एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया, बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मण्डेलिया, सिरसी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द्र सिंह गौर, फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी एवं गुना एसडीओपी कार्यालय से सउनि शिवनंदन सिंह रघुवंशी तथा उक्त सभी थानों के फोर्स की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
