*नशे के विरुद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही*
*जामनेर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदूनी में घर के पीछे बाड़े में लगा रखे थे गांजे के पौधे
*पुलिस ने दबिश देकर 5.510 किलोग्राम वजनी गांजे के हरे पौधों सहित आरोपी किया गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त कारोबारियों, माफियाओं, तस्करों आदि के विरुद्ध लगातार सतर्क एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय तथा प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा और उनकी टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजे के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 5.510 किलोग्राम वजनी गांजे के हरे पौधों सहित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है ।
गत दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को जामनेर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदूनी में पप्पू भील नामक व्यक्ति द्वारा अपने घर के पीछे बाड़े में गांजे के पौधे लगा रखे हैं । थाना क्षेत्र में गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिलने पर तस्दीक एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु जामनेर थाने से पुलिस टीम तत्काल ग्राम तेंदूनी पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दबिश दी । मौके पर एक व्यक्ति मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम पप्पू उर्फ दौलत सिंह पुत्र रोडेलाल भील, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदूनी, थाना जामनेर का बताया ।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर बाड़े की जांच करने पर वहां गांजे के 22 हरे पौधे लगे हुए पाए गए । पुलिस द्वारा उक्त पौधों को उखाड़कर विधिवत जप्त किया गया । पौधों का वजन करने पर कुल वजन 5.510 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है । बरामद गांजे के पौधों को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी पप्पू उर्फ दौलत सिंह भील को गिरफ्तार किया गया एवं उसके विरुद्ध जामनेर थाने में अपराध क्रमांक 210/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
अवैध मादक पदार्थ गांजे के विरुद्ध जामनेर थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, आरक्षक पंजाब सिंह गुर्जर, आरक्षक गजेन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक रमेश दोहरे, आरक्षक दिव्यांश भार्गव एवं आरक्षक शिवकुमार निगम की विशेष भूमिका रही है ।
गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है । नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
