*गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही : मृगवास थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में महज तीन दिनों के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार*
*ग्राम बांकखेड़ा में गड़ासी से हमला कर युवक की हत्या का मामला*
*मृगवास थाना पुलिस की तत्परता के परिणामस्वरूप दोनों आरोपी जेल पहुंचे
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । विशेष रूप से गंभीर एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना पुलिस ने ग्राम बांकखेड़ा में गड़ासी से हमला कर एक युवक की हत्या के मामले में प्रभावी कार्यवाही करते हुए घटना के तीन दिनों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को फरियादी सीताराम पुत्र शिवलाल लोधा, निवासी ग्राम बांकखेड़ा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभराज में पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आज दिनांक 23 अक्टूबर की शाम वह गांव के चौराहे के पास खड़ा था । इसी दौरान उसका भाई पवन लोधा वहां से घर जा रहा था, तभी गांव के कोमल लोधा एवं सागर लोधा ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए गड़ासी से मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं । जब वह अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा, तो दोनों ने उसके साथ भी गड़ासी से मारपीट की । घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने पवन लोधा उम्र 28 वर्ष को मृत घोषित कर दिया । घटना पर से मृगवास थाने में आरोपी कोमल लोधा एवं सागर लोधा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 129/26, धारा 103(1), 115(2), 296(बी), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । निर्देशों के पालन में मृगवास थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी तथा सघन तलाश अभियान चलाया । इसमें पुलिस टीम की तत्परता एवं लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप घटना के तीन दिनों के भीतर ही दोनों आरोपियों 1. कोमल लोधा पुत्र विहारी लोधा एवं 2. सागर लोधा पुत्र कल्याण सिंह लोधा निवासीगण ग्राम बांकखेड़ा थाना मृगवास जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
मृगवास थाना पुलिस की इस तत्पर एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, उपनिरीक्षक अजीत कुजूर, उपनिरीक्षक राजेश भिलाला, बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी प्रभारी सउनि धारा सिंह, प्रधान आरक्षक सोहन अनारे, प्रधान आरक्षक सुरेश मीना, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक राजकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सोबरन आदिवासी, आरक्षक जीतेन्द्र सिंह यादव, आरक्षक नीरज धाकड़, आरक्षक राकेश बाथम, आरक्षक वकील गोयल, आरक्षक सचिन तोमर, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक रामवीर रघुवंशी एवं महिला आरक्षक रंजना जर्मन की सराहनीय भूमिका रही है ।
