Type Here to Get Search Results !

कॉलोनाइजरों की मनमानी पर सख्त कलेक्टर, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

 कॉलोनाइजरों की मनमानी पर सख्त कलेक्टर, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई


बिना मूलभूत सुविधाओं के कॉलोनी विकसित करने वालों की होगी जांच, अनुमतियों और नियमों की भी पड़ताल



गुना। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच दल को भूमि संबंधी दस्तावेजों, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति, रेरा एक्ट के प्रावधानों और भवन निर्माण की अनुमति की जांच करने को कहा। बैठक में कॉलोनाइजरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए बुधवार को पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।


कॉलोनाइजरों की अनुपस्थिति पर बुधवार को फिर होगी बैठक


कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कॉलोनाइजरों को उपस्थित होना था, लेकिन अधिकांश कॉलोनाइजर बैठक में नहीं पहुंचे। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बुधवार को पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


जमीन से लेकर निर्माण अनुमति तक की होगी जांच


कलेक्टर ने जांच दल को निर्देशित किया कि कॉलोनियों में भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाए। साथ ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति, रेरा एक्ट के तहत पंजीयन एवं अन्य प्रावधानों और भवन निर्माण की अनुमति की भी पड़ताल की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


सड़क, बिजली जैसी सुविधाएं नहीं मिलने पर उपभोक्ता होते हैं परेशान


कलेक्टर ने कहा कि अक्सर लोग कॉलोनियों में प्लॉट खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में वहां सड़क, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है और वे अपनी समस्याएं लेकर प्रशासन के पास पहुंचते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमों के विपरीत कॉलोनी विकसित करने वालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।


नियमानुसार कार्य करने वाले बिल्डर्स को मिलेगा प्रोत्साहन


कलेक्टर ने कहा कि जो बिल्डर नियमानुसार और बेहतर कार्य कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। वहीं, नियमों के विपरीत कॉलोनी विकसित करने वालों की सूची तैयार की जाए। इसमें कॉलोनियों की संख्या, नियमों के उल्लंघन और संबंधित मामलों का विवरण संकलित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।


न्यायालयीन प्रकरणों का भी किया उल्लेख


बैठक में कलेक्टर ने ऐसे मामलों का उल्लेख किया, जिनमें कार्रवाई के बाद संबंधित पक्षों द्वारा न्यायालय से स्थगन की मांग की गई थी। उन्होंने संबंधित न्यायालयीन प्रकरण में आए निर्णय का भी उल्लेख किया।


प्लॉट खरीदने से पहले दस्तावेजों की जांच करने की अपील


कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियों, दस्तावेजों और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यदि बिल्डर द्वारा किए गए वादों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तो संबंधित के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराएं, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.