Type Here to Get Search Results !

सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य, युवाओं को जोड़कर तेज होगा अभियान

सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य, युवाओं को जोड़कर तेज होगा अभियान

‘जोश कार्यक्रम’ का शुभारंभ, जिला स्तर पर हुआ सजीव प्रसारण

 कलेक्टर ने कहा—घबराएं नहीं, समय पर उपचार और पोषण से टीबी को हराएं


गुना 

जिले की सभी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य लेकर प्रशासन द्वारा अभियान को गति दी जाएगी। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘जोश कार्यक्रम’ का शुभारंभ गुरुवार को नई दिल्ली में किया गया, जिसका सजीव प्रसारण एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम शुभविदाई गार्डन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीबी से बचाव, उपचार, पोषण और युवाओं की सहभागिता के संबंध में जानकारी दी गई।

युवाओं को जोड़कर टीबी उन्मूलन को मिलेगा नया बल

‘जोश टीम’ का उद्देश्य टीबी उन्मूलन के लिए युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ना और उन्हें अभियान से संबंधित गतिविधियों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान वीडियो के माध्यम से बताया गया कि प्रथम चरण में एप पर अधिकारियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद क्लास-वन अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों, वॉलंटियर्स अथवा टीम का गठन कर सकेंगे।

गठित टीम द्वारा की जा रही गतिविधियों की मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग संबंधित अधिकारी कर सकेंगे। साथ ही विभाग के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी क्लास-वन अधिकारी निगरानी कर सकेंगे।

टीबी मरीजों को पोषण के साथ परिवार की सुरक्षा पर भी जोर

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले में लगभग 421 पंचायतें हैं और हमारा लक्ष्य सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाना है। टीबी मरीज के उपचार में दवाओं के साथ पौष्टिक आहार भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए ‘फूड बास्केट’ की व्यवस्था की जा सकती है, जिसमें अन्य लोग भी सहयोग करते हुए फूड बास्केट दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीबी मरीज के साथ-साथ उसके परिवार के सदस्यों की भी निगरानी एवं देखभाल जरूरी है, ताकि संक्रमण की संभावना को समय रहते रोका जा सके।


समय पर उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि टीबी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। समय पर डॉक्टर से संपर्क करें, नियमित रूप से दवाइयां लें और पौष्टिक आहार का सेवन करें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि गुना जिला उन जिलों में शामिल हो, जहां कोई टीबी मरीज न रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान “We Will Do It” का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे और गुना को टीबी मुक्त बनाएंगे।

कार्यक्रम के समापन पर उन पंचायतों के सचिवों और सरपंचों को प्रशस्ति पत्र एवं गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया, जिनमें एक भी टीबी मरीज नहीं है।

कार्यक्रम में जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिकरवार, नरगपालिका उपाध्‍यक्ष श्री धरम सोनी सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर सहित अन्‍य अधिकारी, नागरिक उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.