राघौगढ़ में श्रवण धारा प्रवचन माला
धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए जिन मंदिर एवं जिन प्रतिमाएं विराजमान करना चाहिए
मुनि श्रमण सागर जी
राघौगढ़ 27 अक्टूबर। इस सदी के महान संत आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, प्रवचन वाचस्पति औजस्वी वक्ता, बुंदेली आशु कवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने मंगलवार को विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला के अंतर्गत "धर्म और संस्कृति की रक्षा कैसे करें" इस विषय पर मंगल प्रवचन करते हुए कहा। सैंकड़ों बर्षों से धर्म विरोधी शक्तियों ने जैन मंदिरों को तोड़ा, जैन मूर्तियां को खंडित किया, जैन ग्रंथों को जलाकर नष्ट किया। विध्वंसक तत्वों द्वारा किए गए आक्रमणों के बावजूद भी हम सौभाग्यशाली हैं कि हम देव शास्त्र गुरु की श्रद्धा भाव से आराधना कर रहे हैं।
मुनिराज ने कहा जो भक्तगण यह प्रश्न उठते हैं कि इतने मंदिर क्यों बन रहे हैं, इतनी मूर्तियां क्यों विराजमान हो रही हैं, इतने पंचकल्याणक क्यों हो रहे हैं। जैन दर्शन में उल्लेख किया है कि आप औषधालय, विद्यालय, गौशाला अनाथ आश्रम बनाएंगे तो आपका मात्र यह जीवन सुधरेगा। जैन मंदिर का निर्माण कर जिन प्रतिमाएं विराजमान करेंगे तो अनेक जन्म सुधर जाएंगे और मोक्ष मार्ग प्रशस्त होगा। जिसने मंदिर बनवाया है उस नए मंदिर में जितने भी श्रृद्धालु पूजन अभिषेक दर्शन करने आएंगे उसका छठा हिस्सा उस मंदिर निर्माण करने वाले को मिलेगा। आपने कहा श्रद्धालु जन यह भी प्रश्न करते हैं कि इतने पंचकल्याणक करने एवं इतने नए शास्त्र प्रकाशित करने की क्या आवश्यकता है। आपने कहा हर वर्ष देश में दिसंबर माह से जुलाई माह के बीच में लाखों विवाह होते हैं जिस तरह हम सारे विवाहों को एक स्थान पर एक दिन में नहीं कर सकते। इसी तरह पाषाण से भगवान बनाने की प्रक्रिया पंचकल्याणक तो सारे देश में मात्र सैकड़ो की संख्या में होते हैं। पंचकल्याणक आयोजन भी धर्म प्रभावका प्रमुख अंग है। नवीन शास्त्र प्रकाशन के संबंध में मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने कहा हजारों वर्ष पूर्व आक्रमणकारी शक्तियों ने जैन ग्रंथों की होली जलाई थी वह होली 6 माह तक जलती रही थी। जो जैन ग्रंथ बचे थे उनसे आगे जैन धर्म बढ़ रहा है। आज जो जैन शास्त्र प्रकाशित हो रहे हैं उनसे हजारों वर्षों तक जैन धर्म एवं संस्कृति अवश्य सुरक्षित रहेगी। आपने दीक्षा गुरु आचार्य विद्यासागर जी महाराज के दूरगामी सोच का उल्लेख करते हुए कहा उनकी प्रेरणा से कुंडलपुर, नेमावर, अमरकंटक, डोंगरगढ़, छत्तीसगढ़ में पाषाण निर्मित विशाल जैन मंदिरों का निर्माण हुआ है जो आगामी हजारों वर्षों तक धर्म संस्कृति की रक्षा करेंगे। आचार्य विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से भाग्योदय सागर में विशाल अस्पताल का निर्माण हुआ है, बालिकाओं को शिक्षा देने आवासीय विद्यालय प्रतिभास्थलियों का निर्माण इंदौर, रामटेक महाराष्ट्र, जबलपुर, ललितपुर उत्तर प्रदेश एवं डोंगरगढ़ छत्तीसगढ़ में किया गया है। उनकी ही प्रेरणा से सारे देश में लगभग 1200 से अधिक गौशालाएं संचालित हैं। आपने खजुराहो एवं जैन तीर्थ देवगढ़ ललितपुर का उल्लेख करते हुए कहा वहां हजार वर्ष से अधिक पुराने पाषाण निर्मित मंदिर आज भी खड़े हैं जिन्हें देखने विदेशी पर्यटक आते हैं । देश के अनेक नगरों में जैन संग्रहालय हैं जिनमें खंडित मूर्तियां इस बात का प्रमाण है कि आक्रमण कारियों ने जैन संस्कृति को नष्ट करने के पूरे प्रयास किये। आज सारे भारतवर्ष में लगभग 32 हजार जैन मंदिर ऐसे हैं जो खंडहर हो गए हैं।
आपने यह भी कहा एक नया मंदिर बनाने की अपेक्षा पुराने मंदिर का जीर्णोद्धार कराने से सौ नए मंदिर बनाने के बराबर पुण्य मिलता है।आपने सुप्रसिद्ध इतिहासकार मारुति नंदन तिवारी की पुस्तक के अंश का उल्लेख करते हुए कहा उन्होंने पुस्तक में लिखा है खजुराहो के प्राचीन मंदिर एवं प्रतिमाएं 1 हजार वर्ष से भी अधिक प्राचीनहै। आपने कहा खजुराहो के एक प्राचीन जैन मंदिर के द्वार पर लिखा है जिसने है मंदिर बनवाया है उसने लिखवाया है जो इस मंदिर की सेवा आगे करेगा मैं उसके दास का दास हूं।
मुनिराज ने समाज जनों को आवाहन किया कि मन में कभी है विचार न लाये मंदिर क्यों बन रहे हैं, मूर्तियां क्यों विराजमान हो रही हैं, इतने पंचकल्याणक क्यों हो रहे हैं, इतने शास्त्र क्यों प्रकाशित हो रहे हैं। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए यह धार्मिक कार्य अति आवश्यक हैं मुनिराज ने अंत में अपनी लोकप्रिय कविता सुनाई शीर्षक है "वास्तविकता तो किसी न किसी खिड़की से झांक की ही लेती है।"
