Type Here to Get Search Results !

मातृ एवं शिशु मृत्यु रोकथाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को मिलेगा ‘सुमन पंचायत’ सम्मान

 मातृ एवं शिशु मृत्यु रोकथाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को मिलेगा ‘सुमन पंचायत’ सम्मान


पात्र पंचायत को एक लाख रुपये, उत्कृष्ट विकासखंड एवं जिले को भी मिलेगी 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि



गुना 


मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) पंचायत प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की गई है। योजना के तहत निर्धारित स्वास्थ्य मापदंडों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतों को राज्य स्तर पर सम्मानित कर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों को योजना के मापदंडों की जानकारी देकर पात्रता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।


ये हैं सुमन पंचायत बनने के प्रमुख मापदंड


योजना के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक की निर्धारित अवधि में ग्राम पंचायत में निम्नलिखित तीनों मापदंडों का पूरा होना अनिवार्य है—


1. शून्य मातृ मृत्यु।


2. पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की शून्य मृत्यु।


3. खसरा एवं रूबेला के शून्य प्रकरण।


उक्त सभी मापदंडों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतों को सुमन पंचायत के रूप में पुरस्कृत किया जाएगा।


एक लाख रुपये की मिलेगी प्रोत्साहन राशि


योजना के तहत राज्य स्तर पर चयनित पात्र ग्राम पंचायत को प्रमाण-पत्र के साथ 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सर्वाधिक पात्र सुमन पंचायतों वाले विकासखंड को 50 हजार रुपये तथा सर्वाधिक पात्र सुमन पंचायतों वाले जिले को भी 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। विकासखंड एवं जिले का चयन पात्र पंचायतों की कुल संख्या के आधार पर होगा, प्रतिशत के आधार पर नहीं।


स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में होगा राशि का उपयोग


प्राप्त प्रोत्साहन राशि का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा।


विभागीय समन्वय से सुनिश्चित होगा प्रभावी क्रियान्वयन


योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त ग्राम पंचायतों को योजना के निर्धारित मापदंडों की पूर्ति के लिए प्रेरित करते हुए पात्र पंचायतों के आवेदन निर्धारित माध्यम से विभाग को प्रेषित कराने के निर्देश दिए गए हैं।


योजना का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु रोकथाम को प्राथमिकता देना तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत को सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ बचपन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.