राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें – कलेक्टर श्री कन्याल
खिलाड़ियों के आवास, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं भोजन की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
गुना
लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता (बास्केटबॉल, 14 वर्ष बालक-बालिका) का आयोजन 16 से 20 नवम्बर 2026 तक गुना में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें तथा प्रतियोगिता से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को रेलवे स्टेशन से आवास स्थल एवं खेल मैदान तक लाने-ले जाने के लिए सुचारू परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बालक एवं बालिकाओं के ठहरने के लिए छात्रावासों एवं विद्यालयों में पृथक-पृथक आवास व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता अवधि के दौरान चिकित्सा दल, एम्बुलेंस एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। खेल परिसर एवं आवास स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। पुलिस प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर ने उद्घाटन एवं समापन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्चपास्ट, पुरस्कार वितरण एवं प्रमाण पत्र संबंधी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल मैदान की व्यवस्थाएं, उद्घोषणा एवं तकनीकी संचालन व्यवस्थित रूप से किया जाए। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षित रेफरी एवं खेल प्रशिक्षकों की सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 नवम्बर तथा समापन 20 नवम्बर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुना में होगा। इसी विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय खेल प्रांगण का भी उपयोग किया जाएगा। नोडल खेल केन्द्र में कार्यालय एवं कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी गुना जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रत्येक समिति के संयोजक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करें।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
